दीपावली 2023 : पांच दिवसीय महापर्व

  • Home    >
  • दीपावली 2023 : पांच दिवसीय महापर्व
  • 8th Nov 2023

दीपावली 2023 : पांच दिवसीय महापर्व

दीपावली 2023 : पांच दिवसीय महापर्व : हमारे देश भारत में दीपावली का महापर्व एक 5 दिनों तक मनाया जाने वाला पर्व है। इस वर्ष 2023 में यह पंच दिवसीय पर्व 5 दिनों की अपेक्षा 6 दिनों तक मनाया जाएगा।
यह पर्व 10 नवंबर 2023 से प्रारंभ होकर 15 नवंबर 2023 तक पूरे भारतवर्ष में अत्यंत धूमधाम से मनाया जाएगा। इन 6 दिनों की शुरुआत धनतेरस से होकर समाप्ति भाई दूज पर होगी।


कब करें धनतेरस की पूजा

 

धनतेरस | धन्वंतरि त्रयोदशी 10 नवंबर 2023


दीपावली महोत्सव का प्रथम दिन धनतेरस के नाम से जाना जाता है। कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी के दिन समुद्र मंथन के पश्चात भगवान धन्वंतरि की उत्पत्ति हुई थी। इसी कारणवश इस दिन को धन्वंतरि त्रयोदशी के रूप में भी मनाया जाता है। जैसा कि हम सभी जानते हैं जीवन में किसी भी प्रकार की सुख की अनुभूति तभी होती है जब हम स्वस्थ और निरोग रहे इसी कारणवश आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की पूजा दीपोत्सव के प्रथम दिन की जाती है।

ऐसी मान्यता है कि समुद्र मंथन के पश्चात भगवान धन्वंतरि जब अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। तब उनके साथ विभिन्न प्रकार के बहुमूल्य रत्न और आभूषण भी समुद्र से प्रकट हुए थे। इसी कारणवश इस दिन को धनतेरस भी कहते हैं। धनतेरस के दिन सोने चांदी की वस्तुएं खरीदने  की प्रथा चली आ रही है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई वस्तुओं में 13 गुना वृद्धि होती है तथा पूरे वर्ष धन-धान्य की कमी भी नहीं होती।

वर्ष 2023 में कार्तिक मास कृष्ण पक्ष त्रयोदशी तिथि का प्रारंभ 10 नवंबर 2023 दोपहर 12:35 से होगा और समापन 11 नवंबर 2023 दोपहर 1:57 बजे तक है।

धनतेरस प्रदोष काल में मनाया जाता है जो कि शुक्रवार 10 नवंबर को होने के कारण धनतेरस या धनत्रयोदशी का त्यौहार 10 नवंबर 2023 शुक्रवार को मनाया जाएगा।
 

कब करें धनतेरस की पूजा

पूजा शुभ मुहूर्त: शाम 6:20 से 8:19 तक

खरीदारी शुभ मुहूर्त :दोपहर 2:35 से शाम 6:35 तक

 

धन्य तेरस या ध्यान तेरस | जैन धर्म

कुछ समय से धनतेरस को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के रूप में भी मनाया जाने लगा है। जैन धर्म के अनुयाई धनतेरस को धन्य तेरस या ध्यान तेरस भी कहते हैं क्योंकि इस दिन भगवान महावीर ध्यान में लीन हुए थे और 3 दिन पश्चात यानी दीपावली के दिन निर्वाण को प्राप्त हुए थे।

आप 10 नवंबर 2023 को भगवान धन्वंतरि की पूजा, दीप दान, महालक्ष्मी जी का पाठ कर सकते है।


धनतेरस पर क्या खरीदें और क्या ना खरीदे

क्या खरीदना चाहिए धनतेरस पर: धनतेरस पर कुछ वस्तुओं की खरीदारी करना खास तौर पर शुभ माना जाता है। धनतेरस पर मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए मुख्य रूप से 5 वस्तुओं  में से कोई एक चीज तो अवश्य ही अपने घर पर लेकर आए। ऐसा करने पर आप मां लक्ष्मी की विशेष कृपा के पात्र होंगे।

ये 5 विशेष वस्तुएँ हैं--  मिट्टी के गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां और मिट्टी के दिए,  गोमती चक्र, शुद्ध चांदी की वस्तुएं,  धनिया के बीज और झाड़ू

 

क्या नहीं खरीदना चाहिए धनतेरस पर

धनतेरस के शुभ अवसर पर कुछ वस्तुओं को कभी नहीं खरीदना चाहिए इन वस्तुओं को खरीदने पर घर में दुर्भाग्य आता है और बरकत नहीं रहती। यह वस्तुएं हैं--
स्टील और अल्युमिनियम के बर्तन, लोहे की वस्तुएं ,धार दार चीजें जैसे चाकू कैंची आदि, प्लास्टिक का सामान, कांच या सिरामिक (चीनी मिट्टी) का समान या बर्तन, किसी भी प्रकार की काले रंग की वस्तु, कोई भी अशुद्ध तेल जैसे रिफाइंड आदि।

 

धनतेरस और वास्तु शास्त्र

वास्तु शास्त्री सुनील मेहतानी के अनुसार वास्तु शास्त्र में ईशान कोण का एक खास महत्व है। ईशान कोण घर का सबसे पवित्र कौन माना जाता है। धनतेरस पर भी पूजा करने से पूर्व ईशान कोण की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए।

ईशान कोण से तात्पर्य घर की उत्तर-पूर्व कोने से है। धनतेरस पर ईशान कोण को विशेष रूप से साफ और स्वच्छ बनाने की हर संभव कोशिश करनी चाहिए। ईशान कोण के किसी भी प्रकार से दूषित या अस्वच्छ होने पर आपको अपनी की गई पूजा का फल पूर्ण रूप से नहीं होगा। इसलिए अपने घर के ईशान कोण को हर संभव प्रयास से स्वच्छ और पवित्र रखे।

ईशान कोण के अतिरिक्त अपने घर की उत्तर दिशा और ब्रह्मस्थान का भी विशेष रूप से ध्यान रखें। घर की उत्तर दिशा को भी साफ सुथरा बनाए रखें। ब्रह्म स्थान से तात्पर्य घर के बिल्कुल बीच के स्थान से है। इसका अर्थ है कि घर के बिल्कुल बीच के स्थान पर किसी भी प्रकार का फालतू समान और जूते चप्पल इत्यादि ना रखें। इस स्थान को यथासंभव खाली और साफ सुथरा बनाए रखें इन उपायों से भी मां लक्ष्मी प्रसन्न होती है। और अपनी कृपा दृष्टि हमेशा बनाए रखती हैं।

 

नरक चतुर्दशी 11 नवंबर 2023

दीपावली महोत्सव का दूसरा दिन नरक चतुर्दशी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को नरक चौदस या रूप चौदस भी कहते हैं। कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को धर्मराज यम की पूजा करके दीपदान किया जाता है। नरक चतुर्दशी हमें यह संदेश देती है कि मृत्यु एक शाश्वत सत्य है। तथा अंतिम गति भी है जो हमेशा याद रखना चाहिए।
धर्मराज यम को याद करते हुए दीपदान करने से असमय मृत्यु के भय से भी मुक्ति मिलती है।

इस दिन सूर्योदय से पूर्व उबटन लगाकर स्नानादि किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि ऐसा करने पर रुप तथा सौंदर्य की वृद्धि होती है। इसी कारणवश इस दिन को रूप चौदस भी कहते हैं।

कहते हैं कि नरक चतुर्दशी के दिन ही भगवान कृष्ण ने नरकासुर का वध करके 16,100 कन्याओं को उसके बंदी गृह से मुक्त किया था इसी उपलक्ष में दीए जलाए जाते हैं।

नरक चतुर्दशी/छोटी दिवाली कार्तिक मास कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि  11 नवंबर दोपहर 1:57 से प्रारंभ होकर 12 नवंबर दोपहर 2:45 पर समाप्त होगी। उदया तिथि के अनुसार 12 नवंबर को ही रूप चौदस का स्नान किया जाएगा तथा नरक चतुर्दशी मनाई जाएगी। 

परंतु जो लोग मां काली, हनुमान जी और यमदेव की पूजा करते हैं वह इस त्यौहार को 11 नवंबर को मनाएंगे। यमदेव को अर्पित किया जाने वाला दीपक भी 11 नवंबर 2023 शाम को प्रकाशित किया जाएगा।

दीपावली 2023 

 

कब है दीपावली 2023

कार्तिक माह कृष्ण पक्ष की अमावस्या का दिन दीपावली और लक्ष्मी पूजा के रूप में मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि धन ऐश्वर्य समृद्धि की देवी महालक्ष्मी का प्रादुर्भाव इसी दिन हुआ था। इसीलिए इस दिन महालक्ष्मी की पूजा विशेष रूप से की जाती है। शास्त्रों के अनुसार ऐसी मान्यता है कि इसे दिन भगवान राम सीता माता और लक्ष्मण जी के साथ रावण का वध करके तथा 14 वर्ष का वनवास पूरा करके इस दिन अयोध्या वापस आए थे। इसी खुशी में सब देशवासियों ने दीए जलाए थे तभी से यह दिन दीपावली के रूप में मनाया जाता है।

माता लक्ष्मी की पूजा करने से पूर्व प्रथम पूज्य देव गणेश जी की पूजा करने का भी विधान है। गणेश जी और लक्ष्मी जी के साथ माता सरस्वती की पूजा भी की जाती है। ऐसी मान्यता है की लक्ष्मी जी की पूजा करने से हमें सुख संपत्ति धन ऐश्वर्य आदि की प्राप्ति होती है। परंतु ऐसे धन की प्राप्ति होने से पूर्व, बुद्धि के देवता गणेश जी तथा ज्ञान की देवी माता सरस्वती की पूजा इसलिए की जाती है, ताकि हम सद्बुद्धि के साथ ज्ञान पूर्वक धन का उचित प्रयोग कर सकें।

वर्ष 2023 कार्तिक मास कृष्ण पक्ष अमावस्या तिथि 12 नवंबर दोपहर 2:45 से 13 नवंबर दोपहर 2:55 तक है। दीपावली का पर्व भी प्रदोष काल में ही मनाया जाता है जो की 12 नवंबर को है। अतः 12 नवंबर को ही महालक्ष्मी पूजन और दीपोत्सव मनाया जाएगा। 

 

पूजा शुभ मुहूर्त : दीपावली 2023

लक्ष्मी पूजा 12 नवंबर 2023 (प्रदोष काल व वृषभ काल )  शाम 5:39 से 7:35 तक

लक्ष्मी पूजा 12 नवंबर 2023 (निशिता काल) रात्रि 11:39 से मध्य रात्रि 12:32 तक

 

क्या करें /क्या ना करें? : दीपावली 2023

  1. दिवाली का त्यौहार मनाने से कुछ दिन पूर्व ही अपने घर की साफ सफाई अच्छी तरह से कर लेनी चाहिए। किसी भी तरह का कबाड़ या बेकार सामान घर से बाहर निकाल देना चाहिए। 
  2. दिवाली पूजा के लिए यह ध्यान रखें की माता लक्ष्मी जी और भगवान गणेश जी दोनों की मूर्तियां आपस में जुड़ी हुई ना हो। अलग-अलग मूर्तियां ही खरीदनी चाहिए।
  3. गणेश जी की मूर्ति में सूंड बायीं ओर होनी चाहिए तथा भगवान गणेश बैठी हुई अवस्था में हो।
  4. मां लक्ष्मी जी की मूर्ति भी बैठी हुई अवस्था में हो, परंतु ऐसी मूर्ति बिल्कुल ना खरीदें जिसमें मां लक्ष्मी उल्लू पर बैठी हुई हो।
  5. कमल पर विराजमान मां लक्ष्मी की मूर्ति खरीदना और घर में लाना अत्यंत शुभ होता है।
  6. दिवाली पर फटे पुराने कपड़े ना पहने। ऐसे कपड़े पहनना दरिद्रता की निशानी तथा अशुभ माना जाता है।
  7. पूजा के समय काले रंग के कपड़े भी नहीं पहनना चाहिए।
  8. दिवाली के दिन कोशिश करें जल्दी उठ जाए। सुबह देर तक सोते ना रहे। नाखून काटने, शेविंग इत्यादि के काम एक दिन पहले ही कर लेनी चाहिए। दिवाली के दिन यह काम करने अशुभ माना जाता है।
  9. दिवाली के दिन यह कोशिश करें कि अपने घर में ही रहे। पूजा के बाद कहीं भी ताला लगाकर ना जाए। पूजा के समय पूरे घर को रोशनी, दीपक आदि से रोशन कर दें।
  10. किसी भी जगह या कोने में अंधेरा ना हो। यदि कुछ देर के लिए कहीं जाना भी हो तो घर में सब तरफ रोशनी होनी चाहिए। रात में भी लाइट बंद ना करें।
  11. दीपावली के इन पांच दिवसीय पर्व पर मांस-मछली, शराब आदि का सेवन नहीं करना चाहिए। ऐसा करना अशुभ माना जाता है।
  12. पूजा करते समय ऊंची आवाज में आरती गाना तथा जोर से ताली बजाना भी शुभ नहीं है।
  13. दीपावली पूजा में भगवान गणेश जी और मां लक्ष्मी जी की आरती के साथ-साथ भगवान विष्णु जी की आरती भी अवश्य करनी चाहिए।
  14. दीपावली पूजा के बाद पूजा स्थल को अंधेरा करके या खाली नहीं छोड़ना चाहिए। रात में भी दीपक जलता रहे ऐसी व्यवस्था अवश्य करनी चाहिए।

गोवर्धन पूजा, विश्वकर्मा पूजा  2023

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष  की प्रथमा तिथि को गोवर्धन पूजा के रूप में मनाया जाता है। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति तथा विभिन्न पशु पक्षियों का महत्व बताती है। ऐसी मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी सबसे छोटी उंगली पर उठाकर गांव वासियों की इंद्र देवता के प्रकोप से रक्षा की थी।

इस दिन लोग गाय बैल आदि की पूजा  करते हैं मंदिरों तथा विभिन्न स्थानों पर अन्नकूट का आयोजन किया जाता है। जिसका भोग भगवान को अर्पित करके प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है। यह दिन विश्वकर्मा पूजा के रूप में भी मनाया जाता है। एक दिन विभिन्न कलाकार तथा कारीगर अपने औजारों तथा उपकरणों की पूजा भी करते हैं। वर्ष 2023 के दीपोत्सव का चौथा दिन इस बार उदय तिथि के अनुसार 14  नवंबर 2023 को गोवर्धन पूजा तथा विश्वकर्मा पूजा के रूप में मनाया जाएगा।


गोवर्धन पूजा शुभ मुहूर्त 14 नवंबर 2023

सुबह 6:15 से 8:36 तक

 

 

भाई दूज 2023

 

दीपावली महोत्सव का पांचवा पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को भाई दूज के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को यम द्वितीया भी कहते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दिन धर्मराज यमराज अपनी बहन  यमुना के घर गए थे उनकी बहन ने अपने भाई का तिलक करके भोजन कराया था। तथा उनकी लंबी उम्र की कामना की थी। तभी से यह त्यौहार भाई दूज के रूप में भी मनाया जाता है। इस वर्ष 2023 को भाई दूज का पर्व 15 नवंबर 2023, को मनाया जाएगा भाई दूज का पर्व प्रेम तथा सद्भाव का संदेश देता है।

वर्ष 2023 कार्तिक मास शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि 14  नवंबर 2023 दोपहर 2:36 से प्रारंभ होकर 15 नवंबर 2023 दोपहर 1:45 तक है। अतः उदय तिथि के अनुसार भाई दूज का पर्व 15 नवंबर को मनाना ही श्रेष्ठ है।

आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं

Please like and share it

  • Share :